मसूरी। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी से उनके कैंप कार्यालय में नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष ने मसूरी क्षेत्र में जनहित एवं आमजन की सुविधाओं से जुड़े विभिन्न विकास एवं सुरक्षा संबंधी कार्यों के निष्पादन को लेकर एक ज्ञापन कैबिनेट मंत्री को सौंपा। इस दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सभी को नव वर्ष की बधाई एवं शुभकामनाएं भी दी।
नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने कैबिनेट मंत्री को मसूरी नगर क्षेत्र में सड़क सुरक्षा एवं आधारभूत संरचना से संबंधित कई महत्वपूर्ण कार्यों के संबंध में ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रमुख रूप से एमडीडीए द्वारा स्प्रिंग रोड में प्रीतम होटल से आईटीबीपी रोड तक सुरक्षा की दृष्टि से रेलिंग निर्माण, पिक्चर पैलेस से बड़े मोड़ तक सड़क किनारे रेलिंग निर्माण, लंढौर सिविल रोड से मंदाकिनी हाउस मार्ग तक सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आवागमन हेतु मार्ग की मरम्मत तथा रेलिंग, डिवाइडर लगाए जाने का कार्य, टिहरी बस स्टैंड, कोजी कॉर्नर के समीप क्षतिग्रस्त पुस्ते की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण, मॉल रोड पर नालियों के ढलान में सुधार कर जल निकासी व्यवस्था को सुचारु किए जाने, मसूरी क्षेत्र में निजी भूमि पर स्थापित विद्युत पोलों को आवश्यकता अनुसार अन्यत्र स्थानांतरित न किए जाने से उत्पन्न समस्याओं का समाधान करने, आदि मांगे रखीं। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए दूरभाष के माध्यम से एमडीडीए एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जनहित एवं मूलभूत विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनसुरक्षा और जनसुविधा से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्यों को शीघ्र पूरा करें। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, सभासद विशाल खरोला, नीतू सिंह, सचिन गुहेर, रणवीर कंडारी, अमित भटट, शिवानी भारती, गौरी थपलियाल, पंकज खत्री व गौरव गुप्ता, नरेंद्र प्रताप मल्ल आदि मौजूद रहे।
