व्यापार संघ मसूरी के चुनाव शांतिपूर्वक हुए संपन्न, रजत अग्रवाल ने पूरे पैनल के साथ जीत दर्ज की।
सुनील उनियाल / मसूरी/ मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन के चुनाव 2026 में रजत अग्रवाल ने अपने पूरे पैनल के साथ शानदार जीत दर्ज की है। इस जीत के साथ ही व्यापार मंडल में एक बार फिर उनका दबदबा कायम हो गया है।
पर्यटन नगरी मसूरी में आयोजित मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन के चुनाव 2026 का परिणाम घोषित हो गया है, जिसमें रजत अग्रवाल ने अपने पूरे पैनल के साथ जीत हासिल की। चुनाव में व्यापारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न हुआ।
मतगणना के बाद आए नतीजों में रजत अग्रवाल और उनके पैनल को स्पष्ट बहुमत मिला, जिससे उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। जीत के बाद समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और बधाई देकर अपनी खुशी का इजहार किया।
जीत के बाद रजत अग्रवाल ने सभी व्यापारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे व्यापारियों के हितों की रक्षा और उनके विकास के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल को और मजबूत बनाना तथा व्यापारियों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता रहेगी।
(रजत अग्रवाल):
“मैं सभी व्यापारियों का धन्यवाद करता हूं जिन्होंने मुझ पर और मेरी टीम पर भरोसा जताया। हम सभी के सहयोग से व्यापार मंडल को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास करेंगे।”
फिलहाल, इस जीत के साथ ही मसूरी के व्यापारिक जगत में नई उम्मीदें जगी हैं और सभी की निगाहें अब नए कार्यकाल में होने वाले कार्यों पर टिकी हैं।