मसूरी। रेहडी पटरी कमजोर वर्ग समिति के तत्वाधान में मालरोड से हटाये गये पटरी व्यापारियों ने मशाल जुलुस निकाल कर प्रदर्शन किया। मशाल जुलूस शहीद भगत सिंह चौक से निकाला गया जो शहीद स्थल झूलाघर तक गया।
इस मौके पर रेहडी पटरी कमजोर समिति के अध्यक्ष राम किशन राही ने कहा कि यह मशाल नहीं आग है, नगर पालिका व एसडीएम वेडर जोन का विरोध कर रहे है, हम तो यह कह रहे हैं कि जब तक वेंडर जोन नहीं बनता तब तक बैठने दिया जाय। लेकिन उसमें भी परेशान किया जा रहा है, हम कोई उग्रवादी नहीं है कि भारी पुलिस बल बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन जो भी कार्रवाई करेगा उसे झेलने को तैयार है। हमारा संघर्ष जारी रहेगा। इस मौके पर महामंत्री संजय टम्टा ने कहा कि लंबे समय से वेडर जोन की मांग रही व पालिका ने वेंडिंग जोन बनाने की बात कही लेकिन आज तक कोई वेंडिंग जोन नहीं बना, हमारी मांग है कि जबतक वैडिंग जोन नहीं बना तो उन्हें यथावत मालरोड पर बिठाया जाय। पटरी व्यापारी मशाल जुलूस निकाल कर प्रशासन को चेताना चाहते है। उसके बाद भी हम पटरी लगायेंगे चाहे जो भी हो। उन्होंने कहा कि अभी मामला उच्च न्यायालय में है। इस मौके पर बड़ी संख्या में पटरी वाले मशाल जुलूस में शामिल हुए।