राजधानी देहरादून में सनसनी, सचिवालय के निजी सचिव पर पत्नी की हत्या का आरोप।
पर्वतीय क्रांति की आवाज
सुनील उनियाल/
देहरादून: शादी के 8 महीने बाद शिक्षिका ने की खुदकुशी, सुसाइड वीडियो में रोते हुए बोली- ‘ससुराल वाले कहते हैं मनहूस’
देहरादून
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शादी के महज 8 महीने बाद एक सरकारी शिक्षिका द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना से ठीक पहले मृतका ने एक भावुक वीडियो संदेश भी रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने अपने पति और ससुराल वालों पर मानसिक प्रताड़ना और प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका की मां की शिकायत पर पुलिस ने पति, सास और ननद के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
6 महीने से सह रही थी प्रताड़ना
जानकारी के अनुसार, मृतका सृष्टि (सरकारी शिक्षिका) का विवाह 8 महीने पहले देहरादून निवासी सौरभ से हुआ था। सौरभ भी सरकारी विभाग में कार्यरत बताया जा रहा है। आत्महत्या से पहले बनाए गए वीडियो में सृष्टि रोते हुए अपनी मां से माफी मांगती नजर आ रही है। उसने कहा, “सॉरी मम्मी, मैं ऐसे जा रही हूं… सब कुछ कितना अजीब हो गया है। मैं 6 महीने से यह सब सह रही हूं, लेकिन अब और नहीं सह सकती।”
वीडियो के अंत में सृष्टि ने दर्द बयां करते हुए कहा कि उसके ससुराल वालों की सोच कभी नहीं बदल सकती और शादी के बाद घर में हुई हर समस्या के लिए उसे ही दोषी ठहराते हुए ‘मनहूस’ कहकर प्रताड़ित किया जाता था।
मां की शिकायत पर FIR दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है। मृतका की मां ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही बेटी को ससुराल में लगातार परेशान किया जा रहा था।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, मां की तहरीर के आधार पर पति सौरभ, सास प्रवीणा और ननद चारू के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं और वायरल वीडियो की गहनता से जांच की जा रही है।