Recent Posts

October 29, 2026

सार्थक बिगुल

पर्वतीय क्रांति की आवाज

मसूरी से देहरादून तक मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण का बड़ा एक्शन 7 अवैध निर्माण किए सील, मसूरी घंटाघर स्थित जगमोहन अत्री के होटल गोल्डन हैवन को किया सील।

सुनील उनियाल /        मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए मसूरी से देहरादून तक सात निर्माणों को सील कर दिया। प्राधिकरण की टीम ने बिना मानचित्र स्वीकृति और आवश्यक अनुमति के किए जा रहे निर्माणों पर कार्रवाई की। इस अभियान के तहत मसूरी, संस्कृति लोक कॉलोनी, टर्नर रोड और ओगल भट्टा क्षेत्र में अवैध व्यावसायिक निर्माणों को निशाने पर लिया गया।

इन सात स्थानों पर हुई कार्रवाई

एमडीडीए के अनुसार, मसूरी में घंटाघर रोड स्थित होटल गोल्डन हैवन के निकट जगमोहन अत्री द्वारा पूर्व निर्मित भवन में बिना मानचित्र स्वीकृति के निर्माण किया जा रहा था। टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण को सील कर दिया।

वहीं, संस्कृति लोक कॉलोनी में नदीम अहमद और शहजाद द्वारा किए जा रहे अवैध व्यावसायिक निर्माणों पर कार्रवाई की गई। इसी कॉलोनी की लेन नंबर-1 में चौधरी द्वारा किए जा रहे निर्माण को भी सील किया गया।

इसके अलावा टर्नर रोड स्थित सी-12 पर बजाज डेयरी के पास सुमित द्वारा किए जा रहे अवैध व्यावसायिक निर्माण पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। ओगल भट्टा क्षेत्र में इसी पते पर कमलेश तथा रुकसाना/इकबाल द्वारा किए जा रहे निर्माणों को भी सील कर दिया गया।

बिना अनुमति निर्माण करने वालों को चेतावनी

एमडीडीए ने स्पष्ट किया है कि प्राधिकरण क्षेत्र में किसी भी प्रकार का निर्माण निर्धारित नियमों और स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप ही किया जाना चाहिए। बिना अनुमति निर्माण करने या स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण पाए जाने पर संबंधित भवन स्वामियों और निर्माणकर्ताओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्राधिकरण का कहना है कि शहर में तेजी से बढ़ती निर्माण गतिविधियों के बीच अनियोजित विकास पर रोक लगाना और भवन निर्माण मानकों का पालन सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।

अवैध निर्माणों पर जारी रहेगी कार्रवाई: बंशीधर तिवारी

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। बिना मानचित्र स्वीकृति या आवश्यक अनुमति के किए जा रहे निर्माणों को किसी भी स्थिति में नियमों से बाहर नहीं रखा जाएगा।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही आम नागरिकों से निर्माण शुरू करने से पहले मानचित्र स्वीकृत कराने और प्राधिकरण के नियमों का पालन करने की अपील की।

मानकों के अनुरूप निर्माण पर जोर: मोहन सिंह बर्निया

एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माणों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। बिना स्वीकृति व्यावसायिक निर्माण करना नियमों का उल्लंघन है, ऐसे मामलों में सीलिंग की कार्रवाई की गई है।

उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी मजबूत करने के निर्देश दिए। प्राधिकरण ने भवन स्वामियों और निर्माणकर्ताओं से अपील की है कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले सभी आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त करें, अन्यथा नियमों के उल्लंघन पर वैधानिक कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।