मसूरी देहरादून मार्ग आवाजाही के लिए खुला, रात्रि में नहीं चलेंगे वाहन।
मसूरी। मसूरी, देहरादून मोटर मार्ग पर पानी वाले बैंड के समीप भूस्खलन के कारण गत रात्रि को पहाडी से भू धंसाव हुआ व उसके साथ पेड़ भी गिर गये जिस पर लोक निर्माण विभाग की जेसीबी ने मलवा हटाया व मसूरी वन प्रभाग की टीम ने पेड़ों को काटकर किनारे किया व यातायात सुचारू किया। यह क्षेत्र लगातार संवेदनशील बन चुका है व बारिश के आते ही रोड बंद हो रहा है। वहीं एसडीएम ने रात्रि आठ बजे से सुबह छह बजे तक यातायात बंद करने के निर्देश दिए हैं।
मसूरी देहरादून मार्ग पर पानी वाले बैंड के समीप भूस्खलन व रोड का एक हिस्सा ढह जाने के बाद से लगातार वहां पर सतर्कता बरती जा रही है, लोक निर्माण विभाग व वन विभाग की टीम मौके पर तैनात है व जैसे ही बारिश से पहाड़ी दरकती है उसी समय लोनिवि की जेसीबी रोड को साफ कर यातायात के लिए सुचारू कर रही है, गत सांय भी बारिश के चलते पहाडी का एक हिस्सा दरक गया व पहाडी से मलवा व पेड़ भी आ गिरे सूचना पर मसूरी वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची व तत्काल पेड़ों को काट कर सड़क के किनारे किया व आधा घंटे बाद यातायात सुचारू किया गया इस दौरान रोड के दोनों किनारे वाहनों की लंबी कतारे लग गयी। वन विभाग के वन दरोगा अभिषेक सजवाण ने बताया कि पेड गिरने की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची व पेडों को काट कर किनारे किया व लोक निर्माण विभाग के सहयोग से रोड पर यातायात सुचारू किया गया। वन विभाग की टीम में वन दरोगा अभिषेक सजवाण, वन आरक्षी हरेन्द्र सिंह, दलवीर सिंह सजवाण, प्रदीप गैरोला, राहुल कुकरेती, विनोद, व मुलायम पयाल मौजूद रहे। वहीं दूसरी ओर एसडीएम राहुल आनंद ने मसूरी व राजपुर कोतवाली को निर्देशित किया है कि आपदा पर नजर रखें व रात्रि को आठ बजे के बाद से सुबह छह बजे तक वाहनों को रोड पर चलने के लिए प्रतिबंधित किया गया है केवल आवश्यक सेवाओं के वाहनों व विशेष परिस्थिति होने पर ही वाहनों को रात्रि के समय जाने व आने दिया जायेगा। लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता प्रदीप शाही ने बताया कि मसूरी देहरादून मार्ग पूरी तरह से सुरक्षित व यातायात के लिए सुचारू है वहीं किमाड़ी मार्ग अभी तक नहीं खोला जा सका है, विभाग की जेसीबी मौके पर लगातार कार्य कर रही है लेकिन जैसे ही कार्य किया जाता है पहाड़ी से मलवा आ जाता है, उन्होंने बताया कि उम्मीद है कि दो से तीन घंटे में रोड खुल जायेगा।