पत्रकारों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को 10 सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर प्रदेश के पत्रकारों, न्यूज़ पोर्टलो ,लघु एवं मझौले समाचार पत्रों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की।
सुनील उनियाल /29 अगस्त 2026- हल्द्वानी/ हिमालय डिजिटल मीडिया एवं पत्रकार महासंघ के तत्वावधान में शनिवार को पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को 10 सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर प्रदेश के पत्रकारों, न्यूज पोर्टलों तथा लघु एवं मझौले समाचार पत्रों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की।
ज्ञापन में वर्ष 2026 के लिए सूचना महानिदेशालय की प्रस्तावित इनपैनलमेंट प्रक्रिया तथा वेब पोर्टलों के लिए निर्धारित विज्ञापन दरों को अव्यावहारिक बताते हुए इनमें पुनर्विचार एवं आवश्यक संशोधन किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
पत्रकारों ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए न्यूज पोर्टलों के लिए निर्धारित विज्ञापन दरों में तत्काल संशोधन किया जाना आवश्यक है, ताकि डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों और संस्थानों को न्याय मिल सके।
इसके साथ ही ज्ञापन में वरिष्ठ पत्रकारों की पेंशन बढ़ाकर ₹15,000 प्रतिमाह करने तथा पत्रकारों को रेल यात्रा में छूट सहित पत्रकार हितों से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों को शामिल किया गया।
पत्रकार महासंघ ने मुख्यमंत्री से मांग की कि पत्रकारों और मीडिया संस्थानों से संबंधित इन समस्याओं पर अविलंब सकारात्मक निर्णय लेते हुए पोर्टल विज्ञापन दरों में आवश्यक बदलाव किया जाए।